
रुडकी। खेत जोतने के विवाद में ग्रामीण पर जान से मारने की नियत से फायर झोंका दिया। हालांकि ग्रामीण बाल-बाल बच गया। मौके पर जमकर हंगामा हुआ। इस बीच किसी ने विवाद की वीडियो अपने फोन से बना ली। वीडियो में हमलावरों के हाथों में हथियार दिख रहे हैं। पुलिस ने तहरीर पर जांच शुरू कर दी है। वीडियो वायरल होने के बाद से आरोपी अपने घरों से फरार हो गए। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के कान्हापुर निवासी प्रवेज ने तहरीर देकर बताया कि बुधवार सुबह को वह खेत में राख डालने गया था। उस समय एक पक्ष के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर खेत में घुस गए और उसको जोतना शुरू कर दिया। खेत जोतने से रोका तो आरोपियों ने गाली-गलौज कर तमंचा और पिस्टल से जान से मारने की धमकी देकर फायर झोंका। जिसमें वह बाल-बाल बच गया। फायरिंग की आवाज से आसपास काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मौके पर जमकर हंगामा हुआ। इस बीच किसी ने अपने फोन से विवाद की वीडियो बना ली। वीडियो में दो व्यक्तियों के हाथों में हथियार दिख रहे हैं। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मामले में पुलिस को तहरीर मिली है। इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

