
रुद्रप्रयाग (आरएनएस)। केदारनाथ यात्रा से पहले साइबर ठगी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए अब तक 265 फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया अकाउंट और मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिए हैं। यह कार्रवाई हेलिकॉप्टर बुकिंग के नाम पर हो रही ठगी के मामलों को देखते हुए की गई है।
पुलिस की साइबर फ्रॉड कॉम्बैट फोर्स ने जांच के दौरान 111 फेसबुक पेज चिन्हित किए, जिनमें से 106 को हटाया जा चुका है। इसके अलावा 16 इंस्टाग्राम अकाउंट भी संदिग्ध पाए गए हैं, जिन पर कार्रवाई जारी है।
मोबाइल नंबरों के जरिए ठगी करने वाले नेटवर्क पर भी शिकंजा कसते हुए 110 नंबर चिन्हित किए गए, जिनमें से 55 को ब्लॉक किया जा चुका है। वित्तीय लेनदेन की निगरानी में छह बैंक खातों की जांच की गई, जिनमें से एक खाते को फ्रीज किया गया है।
वहीं हेलिकॉप्टर टिकट दिलाने का दावा करने वाली 22 संदिग्ध वेबसाइटों की रिपोर्ट डोमेन रजिस्ट्रार को भेजी गई है।
पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने यात्रियों से अपील की है कि हेलिकॉप्टर बुकिंग केवल आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ही करें और किसी भी अनजान लिंक, सोशल मीडिया विज्ञापन या व्हाट्सएप संदेश पर भरोसा न करें।

