
रुद्रपुर(आरएनएस)। कुमाऊं विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय सेपक टाकरा महिला प्रतियोगिता सोमवार को मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम के शिवालिक हॉल में हुई। इसमें काशीपुर ने ओवरऑल चैम्पियनशिप का खिताब जीता। यूनिटी लॉ कॉलेज, रुद्रपुर के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन डॉ. नागेंद्र शर्मा और कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कुंदन राठौर ने संयुक्त रूप से किया। डॉ. नागेंद्र ने बताया कि प्रतियोगिता में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर, हल्द्वानी और काशीपुर की महिला टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में रेगु और डबल्स इवेंट आयोजित किए गए। रेगु इवेंट में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय काशीपुर प्रथम और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर द्वितीय रहा। वहीं डबल्स इवेंट में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्द्वानी ने प्रथम और रुद्रपुर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। ओवरऑल चैम्पियनशिप का खिताब राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय काशीपुर ने जीता, जबकि रुद्रपुर उपविजेता रहा। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका सावन मेहरोत्रा, प्रगति दुमका और श्वेता भाकुनी ने निभाई। क्रीड़ा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार और डॉ. नागेंद्र शर्मा ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। क्रीड़ा अधिकारी डॉ. संतोष ने बताया कि प्रतियोगिता के आधार पर विश्वविद्यालय टीम का चयन कर लिया गया है, जो आगामी अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय सेपक टाकरा प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए असम विश्वविद्यालय जाएगी। इस दौरान डॉ.राजेश कुमार, डॉ.सुदर्शन कुमार, डॉ.उमेश जोशी, डॉ.संजय चंदोला, एडवोकेट धर्मेंद्र शर्मा आदि रहे।

