
हरिद्वार(आरएनएस)। राज्य कर विभाग ने शनिवार को ज्वालापुर स्थित आर्य नगर चौक के निकट छापेमारी कर एक गोदाम में कर चोरी का बड़ा मामला पकड़ा। राज्य कर विभाग के उपायुक्त के नेतृत्व में टीम ने गोदाम से पान मसाले के 80 कट्टे जब्त किए, जिसकी कीमत करीब बीस लाख आंकी गयी है। संयुक्त आयुक्त राज्य कर विभाग सुनीता पांडेय ने बताया कि गोदाम में बिना वैध प्रपत्रों के पान मसाले के 80 कट्टे पाए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया। संयुक्त आयुक्त राज्य कर विभाग सुनीता पांडेय ने बताया कि मुखबिरों से सूचना मिल रही थी कि आर्य नगर चौक स्थित गोदाम में छोटे वाहनों से माल लाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विभागीय स्तर पर एसआइ शाखा और सचल दस्ते की सयुंक्त टीम को भी इसकी निगरानी पर लगाया था। सुनीता पांडेय ने बताया कि शनिवार को विभागीय टीम ने आर्य नगर चौक स्थित गोदाम पर छापेमारी की तो गोदाम से अस्सी कट्टे पान मसाले के मिले। गोदाम मालिक कोई भी जरूरी कागज उक्त माल का नहीं दिखा सका। जिससे यह सिद्ध हो कि उक्त माल टैक्स चोरी का नहीं है। जिसके बाद टीम ने सभी अस्सी कट्टों को जब्त कर लिया है। उन्होंने बताया कि गोदाम मालिक पर टैक्स चोरी करने पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। जुर्माना जमा करने के बाद ही उक्त माल को छोड़ा जाएगा। इस दौरान टीम में विभागीय अधिकारी विनोद आर्य, अविनाश झा, नितिन कुमार, मनोज जोशी, हरिकृष्ण कुगशाल शामिल रहे।

