
विकासनगर। समाल्टा में रात्रि प्रवास के लिए पहुंचे काबीना मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने ग्रामीणों के साथ पंचायती आंगन में लोकनृत्य किया। इस दौरान मंत्री पूरी तरह से जौनसारी संस्कृति में रंगे दिखे। काफी देर तक ग्रामीणों के साथ नृत्य करने के बाद उन्होंने जन संवाद किया। उन्होंने कहा कि जौनसार में सदियों से चली आ रही संयुक्त परिवार प्रथा और कृषि पर आधारित जन जीवन ही भारतीय संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने ग्रामीणों को सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकारें भारतीय संस्कृति के अनुरूप कार्य कर रही हैं। देश के विकास के साथ ही संस्कृति और सांस्कृतिक विरासतों का संरक्षण भी किया जा रहा है। जिस तरह जौनसार बावर के लोग अपनी संस्कृति को लेकर संवेदनशील हैं, उसी तरह अब पूरा देश अपनी सांस्कृतिक पहचान को लेकर संवेदनशील हो चुका है। कहा कि उत्तराखंड प्रगति के पथ पर है तो इसमें भी धार्मिक पर्यटन का बड़ा योगदान है। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख मठोर सिंह, मंडल अध्यक्ष अमर सिंह चौहान, सुशील अग्रवाल, रितेश असवाल, गीता राम तोमर, विवेक तोमर, प्रवीण चौहान आदि मौजूद रहे।


