
अल्मोड़ा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकासखंड हवालबाग सभागार में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना था। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को योजनाओं की पात्रता, लाभ तथा आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से अवगत कराया। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की उपलब्धियों की जानकारी दी गई। साथ ही भारत सरकार द्वारा 1 जुलाई से शुरू किए जाने वाले विकसित भारत कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों से भी लोगों को अवगत कराया गया। कार्यक्रम में जनभागीदारी, सुशासन और समावेशी विकास को बढ़ावा देने पर बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। शिविर में ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडू, सहायक खंड विकास अधिकारी आर.एस. कनवाल, ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष देवेंद्र नयाल, ग्राम प्रधान मनोहर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

