
रुद्रपुर(आरएनएस)। सिडकुल की एक कंपनी में बुधवार को ड्यूटी के लिए जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक की बाइक बसगर रोड पर जंगली जानवर से टकरा गई थी। जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के बरा क्षेत्र के आंबेडकर नगर, फिरोजपुर निवासी 28 वर्षीय रवि कुमार पुत्र स्व. श्रवण कुमार बाइक से सिडकुल स्थित कंपनी में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। शक्तिफार्म के पास बसगर रोड पर अचानक एक जंगली जानवर सड़क पर आ गया, जिससे उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में रवि गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, रवि के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष सतेंद्र कुमार ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। एसएसआई राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।

