
अल्मोड़ा। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में सोमवार को राजकीय होटल मैनेजमेंट संस्थान, करबला में ‘नालसा जागृति योजना’ के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनामिका सिंह ने छात्रों को न्याय तक त्वरित पहुंच, निःशुल्क विधिक सहायता, साइबर अपराध, नशे के दुष्परिणाम एवं बचाव, मानव तस्करी, यौन शोषण, दहेज निषेध अधिनियम, बाल श्रम, खाद्य सुरक्षा कानून, उपभोक्ता अधिकार, घरेलू हिंसा, आपदा पीड़ितों के पुनर्वास तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी। इस अवसर पर सचिव अनामिका सिंह ने संस्थान परिसर में छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। शिविर में दीपचंद्र जोशी, विजय प्रताप, संजीव पाण्डे, किशन अधिकारी, विधि इंटर्न अमीषी सिंह, अधिकार मित्र सहित संस्थान के छात्र-छात्राएं और अन्य लोग उपस्थित रहे।
