
देहरादून(आरएनएस)। कैंट थाना क्षेत्र में होली के रंग लगाने को लेकर विवाद में कुछ युवकों ने दो लोगों के साथ मारपीट कर दी। घटना में एक युवक की नाक की हड्डी टूट गई, जबकि दूसरे को भी गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।खुड़बुड़ा मोहल्ला, कांवली रोड निवासी गौरी सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार मार्च को उनका भाई विशाल अपने घर छबीलबाग, कांवली रोड जा रहा था। उसके साथ मुख्तयार नाम का युवक भी था। जब दोनों टीचर्स कॉलोनी के टी-प्वाइंट के पास पहुंचे तो वहां मौजूद कुछ युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर जबरन रंग लगाने की कोशिश की। विरोध करने पर रजत, अभिषेक, गगन, सन्नी उर्फ नाटा, जॉनी, छोटू, राहुल, रोहित और बॉबी समेत अन्य युवकों ने दोनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बताया गया कि रजत ने ईंट फेंककर विशाल के सिर पर मार दी, जिससे उसकी नाक की हड्डी टूट गई और एक दांत भी टूट गया। वहीं मुख्तयार को भी सिर, छाती और गर्दन में गंभीर चोटें आई हैं। हाथों में धारदार और नुकीली वस्तुएं भी पकड़ रखी थीं और मारपीट के दौरान विशाल की मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घायल विशाल को उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कैंट इंस्पेक्टर कमल कुमार लुंठी ने बताया कि शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


