
रुड़की(आरएनएस)। युवक पर चाकूओं से हमला करने के आरोप में पुलिस ने एक नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित युवक की हालत गंभीर बताई गई है जिसका, हायर सेंटर में उपचार चल रहा है। कोतवाली क्षेत्र के गांव हरजौली जट्ट निवासी इलियास अहमद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि झबरेड़ा थाना क्षेत्र के गांव भक्तोंवाली निवासी एक युवक उसकी पुत्री से जबरन शादी करना चाहता है। कहा कि बीते शनिवार आरोपी ने उसके बड़े पुत्र अमजद को फोन कर ब्रह्मपुर राजबाहे की पुलिया पर आने के लिए कहा। उसका पुत्र बाइक से ब्रह्मपुर राजबाहे की पुलिया पर पहुंचा। कुछ देर बाद आरोपियों ने उसे घेर लिया और मारपीट करने लगे। आरोपियों ने उस पर चाकू से प्रहार किया जो कि उसकी गर्दन पर लगा।

