
हरिद्वार(आरएनएस)। हरेला पर्व पर हरिद्वार पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जिलेभर में व्यापक पौधरोपण अभियान की शुरुआत की। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में पुलिस लाइन रोशनाबाद, पुलिस कार्यालय सहित सभी थाना क्षेत्रों और शाखाओं में फलदार व छायादार पौधे लगाए गए। श्रावण मास के दौरान 10 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही पूर्व वर्षों में लगाए गए पौधों का निरीक्षण कर उनके संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस लाइन रोशनाबाद में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट कांस्टेबलों ने करीब 500 फलदार एवं छायादार पौधों का पौधरोपण किया।इनमें जामुन, आंवला, अमरूद, आम, लीची और शीशम सहित अन्य प्रजातियों के पौधे शामिल रहे। सीओ सदर एसपी बलूनी ने हरेला पर्व के सांस्कृतिक और पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी पुलिसकर्मियों को पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधे विकसित होकर वृक्ष बनें। पुलिस लाइन के अलावा जनपद के सभी थाना क्षेत्रों, शाखाओं और कार्यालयों में भी बड़े स्तर पर पौधरोपण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने पूर्व वर्षों में लगाए गए पौधों की स्थिति का भी जायजा लिया और उनके सुरक्षित रूप से विकसित होने पर संतोष व्यक्त किया। हरिद्वार पुलिस ने श्रावण मास के दौरान पौधरोपण अभियान लगातार जारी रखने का निर्णय लिया है। एसएसपी नवनीत सिंह ने इस अवधि में कम से कम 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है, ताकि जनपद में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ आमजन को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सके।
