
देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। पार्टी ने इस मुद्दे पर सरकार के खिलाफ 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच का ऐलान किया है। कांग्रेस इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादाओं से जुड़ा मामला बताते हुए विधानसभा चुनाव तक प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बनाए रखने की रणनीति पर काम कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस का आरोप है कि रैली के बाद कार्यक्रम स्थल का शुद्धिकरण कराया जाना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। पार्टी का कहना है कि इस घटनाक्रम से राजनीतिक शुचिता और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सवाल खड़े होते हैं। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार और भाजपा पर हमलावर है।
प्रदेश कांग्रेस संगठन ने मुख्यमंत्री आवास कूच की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। कांग्रेस इसे केवल विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि सरकार के खिलाफ व्यापक राजनीतिक संदेश देने वाले कार्यक्रम के रूप में पेश करने की तैयारी में है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित प्रदर्शन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस के अन्य राष्ट्रीय नेताओं के शामिल होने की भी संभावना है। हालांकि, उनके कार्यक्रम को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस इस मुद्दे को प्रदेशव्यापी राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बनाने का प्रयास कर रही है। पार्टी का फोकस सरकार से जवाब मांगने और हल्द्वानी प्रकरण को जनसरोकार के मुद्दे के रूप में स्थापित करने पर है। वहीं, कांग्रेस के इस आंदोलन के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने के आसार हैं।

