
काशीपुर(आरएनएस)। मां बाल सुंदरी देवी का भव्य डोला गुरुवार को नगर मंदिर से गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में निकाला गया। डोला यात्रा पूरे शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए करीब छह किलोमीटर की दूरी तय कर चैती मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु डीजे, ढोल और बैंड-बाजों की धुन पर झूमते-नाचते मां के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। डोले का जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। गुरुवार तड़के मुख्य पंडा विकास कुमार अग्निहोत्री के नेतृत्व में मां बाल सुंदरी की स्वर्ण प्रतिमा को पालकी में विराजमान कर मोहल्ला पक्काकोट स्थित नगर मंदिर से यात्रा प्रारंभ की गई। यात्रा मां मनसा देवी रोड, मुख्य बाजार, नगर निगम रोड, महाराणा प्रताप चौक और द्रोणा सागर के पीछे टीले वाली सड़क से होते हुए चैती मंदिर भवन पहुंची, जहां पूजा-अर्चना के बाद मां को गर्भगृह में विराजमान किया गया। मंदिर पहुंचते ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दर्शन और प्रसाद चढ़ाने के लिए उमड़ पड़ी। दूर-दराज से आए भक्तों ने भी मां के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।

