
रुद्रपुर(आरएनएस)। हज यात्रा पूरी कर बुधवार को दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचे उत्तराखंड के हाजियों का भव्य स्वागत किया गया। अपनों से मिलकर कई हाजी भावुक हो उठे, वहीं उनके चेहरों पर पवित्र यात्रा पूरी करने की खुशी साफ दिखाई दी। उत्तराखंड राज्य हज समिति के अध्यक्ष खतीब अहमद ने एयरपोर्ट पर सभी यात्रियों का फूल-माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। बुधवार को दो उड़ानों के जरिए राज्य के कुल 408 हज यात्री वापस लौटे। स्वागत के दौरान खतीब अहमद ने हाजियों से उनका हालचाल जाना और सऊदी अरब में मिली व्यवस्थाओं की जानकारी ली। यात्रियों ने बताया कि मक्का और मदीना मुनव्वरा में हज यात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से बेहतर और संतोषजनक इंतजाम किए गए थे। हाजियों ने केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। साथ ही उत्तराखंड राज्य हज समिति के अध्यक्ष खतीब अहमद और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि यात्रा की शुरुआत से लेकर वतन वापसी तक उन्हें लगातार सहयोग मिला। इस दौरान राज्य हज समिति के हज अधिकारी मोहम्मद एहसान और अब्दुल कादिर भी मौजूद रहे।
