
अल्मोड़ा। देघाट थाना क्षेत्र से लापता महिला और उसके सात वर्षीय बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मामले में पुलिस की सक्रियता और सर्विलांस की मदद से सफलता मिली। प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र निवासी तारा चंद्र ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनकी पत्नी 5 मार्च को अपने सात वर्षीय बच्चे के साथ घर से नाराज होकर चली गई थी। इस संबंध में देघाट थाने में गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश के साथ ही सीसीटीवी कैमरों की जांच की और सर्विलांस के माध्यम से लगातार निगरानी रखी। सघन प्रयासों के बाद रविवार को महिला और बच्चे को भिकियासैंण (बासोट) क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। इस सफल कार्रवाई के बाद परिजनों ने पुलिस का आभार जताया। अभियान में देघाट थाना और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।


