
रुड़की(आरएनएस)। मन्नाखेड़ी गांव में आरोपियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मन्नाखेड़ी निवासी सावन ने तहरीर देकर बताया कि तीन सितंबर की रात करीब साढ़े दस बजे आरोपी दीपक, अनिकेत, आकाश, नितिन, ममता, बालेंद्र, छोटन तथा कुछ अज्ञात लोग उसके घर में घुस आए।
आरोप है कि आरोपियों के हाथों में लाठी-डंडे और धारदार हथियार थे। उन्होंने घर में घुसते ही पीड़ित के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए।
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एससी-एसटी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना पुलिस उपाधीक्षक मंगलौर को सौंपी गई है। सीओ मंगलौर अभिनय चौधरी ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

