
अल्मोड़ा। जनपद में टीबी उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग व्यापक स्तर पर अभियान चला रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद पांगती और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. प्रांशु डेनियल के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं। इस अभियान का उद्देश्य टीबी रोग की समय रहते पहचान कर उसका उपचार सुनिश्चित करना है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा अत्याधुनिक हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से मौके पर ही जांच की जा रही है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को अस्पताल जाने की आवश्यकता कम हो रही है। विभाग का मानना है कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपे टीबी के मामलों को सामने लाने में मदद मिलेगी और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 अप्रैल 2026 को द्वाराहाट विकासखंड के कोटिला ग्राम पंचायत में स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किया जाएगा, जबकि 25 अप्रैल 2026 को द्वाराहाट क्षेत्र के बयेला में कैंप लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त भैसियाछाना विकासखंड में 24 अप्रैल को छानी, 27 अप्रैल को डूंगरी और 28 अप्रैल 2026 को नैनी गांव में भी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे इन शिविरों में पहुंचकर अपनी जांच अवश्य कराएं। विभाग का कहना है कि टीबी का समय पर इलाज संभव है और नियमित दवा लेने से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है। साथ ही लोगों से यह भी अनुरोध किया गया है कि वे अपने आसपास के लोगों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें और जनपद को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास सफल हो सके।

