
अल्मोड़ा। जिला निर्वाचन कार्यालय अल्मोड़ा में सुरक्षित रखी गई ईवीएम, वीवीपैट मशीनों के प्लास्टिक मोल्डेड बॉक्स तथा वर्ष 2012 से 2023 तक के एक्सपायर पावर पैक (बैटरियों) के निस्तारण की प्रक्रिया 27 अगस्त को शुरू होगी। निर्वाचन विभाग ने इस दौरान सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देशों के अनुपालन में जिला निर्वाचन कार्यालय के गोदामों में रखी 4,837 कंट्रोल यूनिट (सीयू) तथा 3,212 वीवीपैट मशीनों के प्लास्टिक मोल्डेड बॉक्स सहित निष्प्रयोज्य सामग्री का निस्तारण किया जाना है। इसके अलावा वर्ष 2012 से 2023 तक के एक्सपायर पावर पैक (बैटरियों) को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत हटाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह सामग्री जिला पंचायत भवन, धारानौला स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय के गोदाम तथा स्यालीधार स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 अगस्त को प्रातः 10 बजे वेयरहाउस खोले जाएंगे और सामग्री को जिला निर्वाचन कार्यालय, ऊधमसिंह नगर भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
निर्वाचन विभाग ने सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्षों से अपील की है कि वे वेयरहाउस खोले और बंद किए जाने की पूरी प्रक्रिया के दौरान स्वयं अथवा अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से उपस्थित रहकर प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करें।



