
चमोली(आरएनएस)। तहसील मुख्यालय से सात किमी दूर स्थित छजगाड़ गांव में विगत माह क्षेत्र में आपदा आई थी। अब लगातार हो रही बारिश के कारण छजगाड़ में लगातार भू-धंसाव का दायरा बढ़ रहा है और 17 मकानों में दरारें आ गई हैं जबकि 60 से अधिक परिवार खतरे की जद में हैं। एसडीएम अबरार अहमद ने भू-धंसाव से प्रभावित छजगाड़ गांव का निरीक्षण किया।क्षेपंस आरती देवी एवं सुरेंद्र सौरियाल सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि 17 मकानों में दरारें आई हैं जबकि 60 से अधिक परिवार खतरे की जद में हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन से राहत, बचाव और पुनर्वास की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने बताया कि विधायक अनिल नौटियाल के माध्यम से कैबिनेट मंत्री को भी पत्र सौंपा गया है। ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम के साथ ब्लॉक प्रमुख दुर्गा देवी रावत, तहसीलदार हरीशचंद्र पांडे और अन्य अधिकारियों ने गांव पहुंचकर निरीक्षण किया। एसडीएम अबरार अहमद ने कहा कि भूवैज्ञानिकों की रिपोर्ट के आधार पर ही विस्थापन की कार्रवाई आगे बढ़ सकेगी। उन्होंने कहा कि मकानों के आगे, पीछे व किसी के साइड में तो कहीं रास्तों पर भू धंसाव हुआ है। तीन परिवार पास के अन्य ग्रामीणों के घर में रह रहे हैं और एक परिवार को तिरपाल दी गई है। एसडीएम ने ग्रामीणों को सजग रहने के लिए कहा। कोई भी घटना होने पर प्रशासन को शीघ्र सूचित करने को कहा।

