
अल्मोड़ा। जनपद पुलिस द्वारा ई-मोबाइल वैन के माध्यम से गांव-कस्बों तक पहुंचकर नए कानूनों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल के तहत लोगों को भारत सरकार द्वारा लागू किए गए नए आपराधिक कानूनों और उनमें नागरिकों को मिले अधिकारों की जानकारी दी जा रही है। अभियान के अंतर्गत सचल न्यायालय टीम ने अल्मोड़ा, दन्या, जागेश्वर, बाड़ेछीना और लमगड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से संवाद किया। इस दौरान भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई और लोगों की शंकाओं का समाधान किया गया। पुलिस टीम ने बताया कि नए कानूनों के तहत नागरिकों को बेहतर सुरक्षा, त्वरित न्याय और पारदर्शी प्रक्रिया का लाभ मिलेगा। साथ ही लोगों को कानूनों का पालन करने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने और समाज में शांति व सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान में अपर उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह खाती, कांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह रिंगवाल, कांस्टेबल सुमित कुमार और चालक कांस्टेबल अजय जोशी शामिल रहे।


