
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत रविवार को द्वाराहाट पुलिस दूरस्थ ग्राम सभा बावन पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देकर सतर्क रहने का संदेश दिया गया। प्रभारी निरीक्षक विनोद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ महिला उपनिरीक्षक मीना आर्य ने ग्राम सभा बावन (पोस्ट जालली, तहसील द्वाराहाट) में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचने के उपाय बताते हुए ओटीपी, एटीएम और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर अपराध होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत करने की जानकारी भी दी गई। महिला सुरक्षा के संबंध में महिलाओं को किसी भी प्रकार की अभद्रता, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा सड़क सुरक्षा के तहत वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा तेज रफ्तार से बचने की अपील की गई। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को डायल-112, आपदा हेल्पलाइन 1070, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी और किसी भी आपात स्थिति में उनका उपयोग करने के लिए जागरूक किया।


