
अल्मोड़ा। विकासखंड द्वाराहाट के सभागार में सोमवार को क्षेत्र पंचायत समिति (बीडीसी) की बैठक आयोजित हुई, जिसमें क्षेत्रीय समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख डॉ. आरती किरोला ने की, जबकि जिला प्रशासन की ओर से अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र भी मौजूद रहीं। बैठक में पेयजल, विद्युत, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न जनसरोकार के मुद्दे प्रमुखता से उठे। ब्लॉक प्रमुख डॉ. आरती किरोला ने क्षेत्र की समस्याओं को विस्तार से रखते हुए संबंधित विभागों से ठोस और त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की गति तेज करने पर जोर दिया। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण या तकनीकी परीक्षण की आवश्यकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर तालमेल और कार्यों की नियमित समीक्षा पर भी जोर दिया, ताकि योजनाओं का प्रभाव धरातल पर दिख सके। पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को गांव स्तर पर निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग द्वारा लंबित कार्यों की जानकारी साझा की गई, जिस पर शीघ्र समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग ने बैठक में महिलाओं के लिए कैंसर स्क्रीनिंग शिविर और एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम की जानकारी दी, जिसे सकारात्मक पहल के रूप में सराहा गया।


