
अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मंगलवार को नगर निगम के दुगालखोला और खगमरा वार्डों का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क, नालियों, सफाई व्यवस्था, विद्यालय परिसर तथा जर्जर भवनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और सभी आवश्यक सुधारात्मक कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने माल गांव से करबला होते हुए दुगालखोला जाने वाले जिला पंचायत मार्ग का निरीक्षण किया। मार्ग के कई हिस्सों के क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी पर उन्होंने जिला पंचायत अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कर सड़क को सुरक्षित और सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों वार्डों में नालियों की स्थिति का भी जायजा लिया और नगर निगम अधिकारियों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के साथ जल निकासी में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नालियों की सफाई के बाद निकला मलबा और अपशिष्ट सड़क किनारे न छोड़ा जाए, बल्कि उसका तत्काल निर्धारित स्थान पर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाए। जिलाधिकारी ने सड़कों, गलियों और नालों के आसपास उगी झाड़ियों की कटाई कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि झाड़ियों के कारण आवागमन और सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। जहां आवश्यकता हो वहां नालों के ऊपर सुरक्षित पैदल रास्ते बनाए जाएं तथा पहले से बने रास्तों को भी व्यवस्थित किया जाए। उन्होंने वार्डों के क्षतिग्रस्त पैदल मार्गों और संपर्क रास्तों की मरम्मत कराने के निर्देश देते हुए कहा कि नगर क्षेत्र में सफाई, जल निकासी और सुरक्षित आवागमन से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और कार्य पूर्ण होने के बाद नियमित निगरानी भी बनाए रखें। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय दुगालखोला और आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर और आसपास नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बाद में उन्होंने आवास विकास क्षेत्र स्थित एक जर्जर भवन का निरीक्षण किया। भवन की खराब स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा की दृष्टि से उसे शीघ्र ध्वस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। निरीक्षण के दौरान दर्जा राज्यमंत्री गंगा बिष्ट, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, उपजिलाधिकारी संजय कुमार तथा नगर निगम, जिला पंचायत एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


