
रुड़की(आरएनएस)। डीजे के साथ कांवड़ लेकर जा रहे लोगों के बीच आपस में झगड़ा हो गया। इसमें जमकर लाठी डंडे चले और तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं। पुलिस ने मंगलवार को तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।हिडंन विहार गाजियाबाद उत्तर प्रदेश निवासी महंत मछेंद्रपुरी ने पुलिस को तहरीर दी कि वह और उसके शिष्य हरिद्वार से गंगाजल लेकर डीजे कांवड़ के साथ लौट रहे थे। 28 जुलाई की देर शाम जब वह कोतवाली क्षेत्र के शुगर मिल के आसपास पहुंचे तभी डीजे संचालक से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि डीजे संचालक ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लाठी डंडों और अन्य हथियारों से महंत और उसके शिष्यों पर हमला कर दिया। इसमें महंत के सिर में चोट आई और उसके शिष्य हार्दिक पुरी, चिराग को गंभीर चोटे आई हैं। इसमें चिराग के सिर में चोट लगने से उसकी एक आंख की रोशनी भी चली गई है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और कांवड़ यात्रा को संचालित कराया। इंस्पेक्टर अमरचंद शर्मा का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने डीजे संचालक और उसके अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।

