
श्रीनगर गढ़वाल। आद्य शक्ति मां धारी मंदिर न्यास ने धारी देवी मंदिर में टूटी-फूटी व पुरानी घंटियों की बिक्री करने का निर्णय लिया है। इस संदर्भ में न्यास के सचिव जगदंबा प्रसाद पांडेय ने बताया कि मंदिर में वर्तमान में घंटियों की संख्या बड़ी संख्या में बढ़ने से नई घंटियों को टांगने की जगह उपलब्ध नहीं हो पा रही है। जिस कारण मंदिर में चढ़ी हुई पुरानी एवं टूटी-फूटी या धूप, वर्षा के कारण जो घंटियां काली पड़ गई हैं उन्हें बिकवाकर उनसे प्राप्त आय से मंदिर में उपयोग में आने वाली अन्य वस्तुएं खरीदी जा सकें या मंदिर के विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण व जनहित के कार्यों में उसका उपयोग किया जा सके। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं भक्तों से इसमें सहयोग देने की अपील की है।

