
नई दिल्ली (आरएनएस)। दुनिया भर में भारत सबसे ज्यादा लोगों को कोरोना टीके की पहली खुराक देने वाला देश बन गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि अब देश में 60.7 फीसदी आबादी ऐसी है जिन्हें कोविड वैक्सीन की कम-से-कम एक डोज दी जा चुकी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार सबसे ज्यादा लाभार्थियों को कोरोना टीके की दोनों खुराक लगाने में भारत दुनिया का अव्वल देश है। देश में अब तक 18.1 करोड़ लाभार्थियों को टीके की दोनों डोज लग चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय की जारी ई-बुक के मुताबिक भारत के ग्रामीण इलाकों में भी बड़ी संख्या में लोगों की टीका दिया गया है। देश में लगाए गए कुल टीकों में से 62.54 फीसदी ग्रामीण इलाकों में लगाए गए हैं और 36.30 फीसदी शहरी इलाकों में। वहीं, 1.16 फीसदी टीकाकरण को शहरी या ग्रामीण किसी भी श्रेणी में शामिल नहीं किया गया है। मंत्रालय ने यह भी बताया है कि अभी तक के कुल टीकाकरण में 52.5 फीसदी खुराकें पुरुषों को दी गई हैं तो वहीं 47.5 फीसदी हिस्सेदारी महिलाओं की हैं। मंगलवार को भी भारत में कोरोना वैक्सीन की 61.15 लाख खुराकें लगाई गई हैं, जिसके बाद कुल टीकाकरण का आंकड़ा 75.89 करोड़ तक पहुंच गया है।


