
देहरादून। जनपद के विकासनगर क्षेत्र अंतर्गत सहसपुर थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में इंटरनेट सेवाएं अगले आदेश तक बंद कर दी हैं तथा भारी पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान विनोद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विनोद अपने घर के पास खेत में सिंचाई का कार्य कर रहा था, तभी अचानक बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए और उस पर हमला कर दिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक अपनी जान बचाने के लिए घर की ओर भागता दिखाई दे रहा है, लेकिन हमलावरों की भीड़ उसे घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटती है।
युवक को बचाने के लिए उसके परिजन और पड़ोसी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस हमले में विनोद की मौत हो गई, जबकि उसका भाई राजेश समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी। क्षेत्र में पत्थरबाजी की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे स्थिति और अधिक संवेदनशील हो गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार निगरानी कर रहे हैं।
पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
