

देहरादून। कांवली रोड क्षेत्र में बुधवार सुबह तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया और पुलिस को शव उठाने से रोक दिया।
मृतक की पहचान सकल देव साहनी निवासी सीतामढ़ी, बिहार के रूप में हुई है। बताया गया कि वह मजदूरी के लिए देहरादून आया था और कांवली गांव में अन्य मजदूरों के साथ रह रहा था। बुधवार सुबह वह अपने साथियों के साथ लेबर चौक की ओर जा रहा था, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उसे कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने डंपर मालिक को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए पुलिस को शव कब्जे में लेने नहीं दिया।
सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक होती रही। हादसे के कारण क्षेत्र में लंबा जाम लग गया और यातायात प्रभावित रहा।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले में लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपी डंपर चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

