
अल्मोड़ा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालकर मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अल्मोड़ा पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने नशे की लत से पीड़ित एक युवक की काउंसलिंग कर उसे उपचार के लिए नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी और एएनटीएफ टीम ने गुरुवार को अल्मोड़ा निवासी एक युवक और उसके परिजनों की काउंसलिंग की। इस दौरान पुलिस टीम ने युवक और उसके परिवार को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए सामान्य जीवन की ओर लौटने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद युवक और उसके परिजनों की सहमति से उसे उपचार के लिए बेस चिकित्सालय अल्मोड़ा स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया। परिजनों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए सहयोग भी दिया। एसएसपी ने कहा कि अल्मोड़ा पुलिस का उद्देश्य केवल नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों का पुनर्वास कर उन्हें नई दिशा देना भी है। उन्होंने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही नशे से प्रभावित लोगों की काउंसलिंग और पुनर्वास के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

