
देहरादून (आरएनएस)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जिलों में सड़क निर्माण, मंदिरों के सौंदर्यीकरण, आंतरिक मार्गों, सिंचाई परियोजनाओं तथा आपदा राहत से जुड़ी योजनाओं के लिए 14 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
स्वीकृत योजनाओं में पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में नैनीपातल से नाघर इंटर कॉलेज तक सीसी संपर्क मार्ग निर्माण के लिए ₹79.87 लाख, चम्पावत के लोहाघाट में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. कल्याण सिंह अधिकारी की प्रतिमा स्थापना के लिए ₹32.49 लाख तथा सेलागाड़ से कोटकेंद्री संपर्क मार्ग निर्माण के लिए ₹40.53 लाख की स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ के मोस्टामानू मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹39.31 लाख की अवशेष धनराशि, ग्राम कुशैल रसेपाटा स्थित प्राचीन सैम मंदिर के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹59.80 लाख, पौड़ी के यमकेश्वर स्थित मां बाल कुँवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹39.30 लाख की अवशेष धनराशि तथा अल्मोड़ा के जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के भेटाबड़ोली स्थित भीमादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹98.50 लाख स्वीकृत किए हैं।
उधमसिंह नगर के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र के रामबाग हरिपुरा और पंचाननपुर गांव में मंदिर, धर्मशाला एवं तालाब के पास निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृत ₹2.54 करोड़ की योजना के तहत प्रथम किश्त के रूप में ₹1.01 करोड़ जारी किए गए हैं। वहीं अल्मोड़ा के सल्ट विधानसभा क्षेत्र स्थित मल्ली मनिला मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹98.80 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
चम्पावत जिले की ग्राम पंचायत मैरोली एवं बड़पास में इंटरलॉकिंग टाइल्स से आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए स्वीकृत ₹3.89 करोड़ की योजना के अंतर्गत प्रथम किश्त के रूप में ₹1.87 करोड़ जारी करने के साथ ही अमृत योजना के तहत बीजापुर नहर के हेड के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण के लिए ₹4.95 करोड़ की योजना को भी मंजूरी दी गई है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी तहसील के धराली गांव में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित 13 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों एवं भवनों के लिए स्वीकृत ₹1.24 करोड़ की राहत राशि में पूर्व में वितरित ₹3.12 लाख का समायोजन करते हुए शेष ₹1.21 करोड़ मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत करने का अनुमोदन भी प्रदान किया है।
