
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए करीब 86 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत राशि से सड़क निर्माण, मंदिरों के सौंदर्यीकरण, घंटाघर निर्माण और कृषि विश्वविद्यालय के लिए वित्तीय सहायता सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के न्याय पंचायत बीसाबजेड से ग्राम विपुल संपर्क सीसी रेलिंग मार्ग के निर्माण के लिए 49.64 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। वहीं अल्मोड़ा जिले के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड ताड़ीखेत अंतर्गत ग्राम दुभणा के प्राचीन चमूथान मंदिर, रानीखेत झूला देवी मंदिर, रानीखेत शिव मंदिर, बिल्लेख स्थित देवी मंदिर, चमड़खान के ग्येल देवता मंदिर तथा खुशालकोट शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 3.34 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
देहरादून जिले के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के अठूरवाला टिहरी विस्थापित क्षेत्र में घंटाघर निर्माण के लिए 97 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के वेतन-भत्तों और अन्य मदों के लिए 150 करोड़ रुपये की स्वीकृत राशि के सापेक्ष दूसरी किस्त के रूप में 80 करोड़ रुपये जारी करने को भी मंजूरी दी गई है।
चमोली जिले के थराली विधानसभा क्षेत्र में भी विभिन्न धार्मिक स्थलों के विकास के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके तहत नंदानगर विकासखंड के सुतोल स्थित ध्योसिंह धाम मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 19.56 लाख रुपये, रामणी के गोरिया राजा मंदिर के लिए 9.93 लाख रुपये, चोपता चौरी में मां गिरिजा भवानी मंदिर के समीप नव निर्मित धर्मशाला के शेष कार्यों के लिए 33.72 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा नारायणबगड़ विकासखंड के मींगेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 20.24 लाख रुपये तथा कौब के महादेव मंदिर के लिए 39.62 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

