
अल्मोड़ा। कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित और निस्तारित शिकायतों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज होने वाली शिकायतें शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं, इसलिए इनके निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि कई मामलों में शिकायतों का निस्तारण समय पर नहीं होने के कारण वे अनावश्यक रूप से लंबित रहती हैं, जो गंभीर विषय है। ऐसे मामलों में संबंधित विभागों को जवाबदेही तय करते हुए कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाते हुए लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। अपर जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता से दूरभाष पर संपर्क कर समस्या की वास्तविक स्थिति समझी जाए, ताकि शिकायतों का प्रभावी समाधान किया जा सके। बैठक में उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उपजिलाधिकारी जैंती-भनोली सौम्या गर्ब्याल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

