

नई दिल्ली (आरएनएस)। केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की बुकिंग प्रक्रिया में बदलाव करते हुए नया अंतराल तय कर दिया है। अब उपभोक्ताओं को अगली गैस बुकिंग के लिए 21 दिन के बजाय 25 दिन का इंतजार करना होगा। सरकार का कहना है कि यह कदम गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
सरकार ने इसके साथ ही देश की रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश भी दिए हैं। तेल और गैस कंपनियों से कहा गया है कि वे वाणिज्यिक कनेक्शन की तुलना में घरेलू उपभोक्ताओं की जरूरतों को प्राथमिकता दें। सूत्रों के अनुसार सरकार घरेलू मांग को पूरा करने के लिए नए अंतरराष्ट्रीय साझेदारों की तलाश भी कर रही है। इस दिशा में अल्जीरिया, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और नॉर्वे जैसे देशों के साथ गैस आपूर्ति को लेकर बातचीत तेज की जा रही है।
इधर पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर फिलहाल राहत की खबर है। जानकारों का कहना है कि जब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 130 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर नहीं जाती, तब तक देश में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने की संभावना कम है। इसके अलावा भारत के पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार होने और वैकल्पिक समुद्री मार्गों से आपूर्ति की व्यवस्था होने का भी दावा किया जा रहा है।

