
बागेश्वर(आरएनएस)। सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। इस दौरान सड़क, बिजली, पेयजल, जंगली जानवरों के आतंक और पेंशन समेत विभिन्न समस्याओं से जुड़ी 20 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष को संबंधित अधिकारियों को भेजकर समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए। जनता दरबार के साथ सीएम हेल्पलाइन और ‘हेलो बागेश्वर’ पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन पर सबसे अधिक शिकायतें यूपीसीएल से संबंधित हैं। यूपीसीएल की तीन शिकायतें 36 दिन से अधिक समय से लंबित मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई।अधिकारियों को संबंधित शिकायतकर्ताओं से वार्ता कर सोमवार को ही समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।बिजली के बढ़े बिल की शिकायत पर डीएम ने यूपीसीएल के एसडीओ को तत्काल बिल ठीक कराने के निर्देश दिए। वहीं, पीएमजीएसवाई को बोरबलड़ा मोटर मार्ग एक सप्ताह में सुचारू करने को कहा। नगर क्षेत्र में जलभराव की शिकायत पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को नालियों की सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी कार्रवाई करें, ताकि लोगों को समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस दौरान सीडीओ नरेश कुमार, एसडीएम प्रियंका रानी, अनिल चन्याल समेत जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

