
अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में विकासभवन सभागार में मुख्यमंत्री द्वारा 04 जुलाई 2021 से अब तक की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। गुरुवार को आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति का आकलन करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रगति पर चल रहे कार्यों की अद्यतन स्थिति समय-समय पर पोर्टल पर अपलोड की जाए और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा किसी भी प्रकार की बाधा आने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को निर्धारित प्रारूप में अद्यतन सूचनाएं उपलब्ध कराने को कहा, ताकि उच्च स्तरीय बैठकों में सटीक जानकारी प्रस्तुत की जा सके। बैठक में विभिन्न विभागों ने अपनी-अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप धौलाखंडी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

