
देहरादून (आरएनएस)। चूना भट्टा क्षेत्र में रिस्पना नदी के किनारे एक खंडहर में सोमवार दोपहर 26 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की आंख पर गहरा घाव पाया गया है, जबकि हाथ और पैरों के नाखूनों पर खरोंच के निशान मिलने से हत्या से पहले संघर्ष की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल, एसपी सिटी प्रमोद कुमार, एसपी देहात जया बलोनी और सीओ रायपुर रीना राठौर भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया।
पुलिस जांच में मृतका की पहचान डालनवाला क्षेत्र के चंदर रोड स्थित सूरज बस्ती निवासी 26 वर्षीय शिवानी अरोड़ा, पत्नी सावन कुमार अरोड़ा के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची मृतका की मां ने शव की पहचान की।
पुलिस के अनुसार शिवानी नशे की आदी थी और वह तीन बार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती रह चुकी थी। कुछ दिन पहले ही परिजन उसे हरिद्वार स्थित नशा मुक्ति केंद्र से घर वापस लाए थे, लेकिन उसकी नशे की लत नहीं छूटी थी। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले उसकी मां ने उसे दोबारा नशा मुक्ति केंद्र भेजने की बात कही थी। इसके बाद शनिवार से वह घर से लापता थी।
परिजनों को उसकी तलाश थी, लेकिन दो दिन बाद उसका शव खंडहर में मिलने से परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

