

अल्मोड़ा। चितई मंदिर मार्ग पर रविवार को सड़क किनारे खड़े एक विशालकाय पेड़ के गिरने की आशंका के बीच फायर सर्विस की टीम ने त्वरित कार्रवाई कर बड़ा हादसा टाल दिया। कई घंटों की मशक्कत के बाद पेड़ को हटाकर मार्ग पर यातायात सुचारु कराया गया। फायर स्टेशन अल्मोड़ा को सुबह करीब 11:46 बजे सूचना मिली कि चितई मंदिर गेट के ऊपर सड़क किनारे एक बड़ा पेड़ टूटकर गिरने की स्थिति में है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए खतरा पैदा हो गया है। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम मौके के लिए रवाना हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पेड़ काफी बड़ा और जोखिमपूर्ण स्थिति में होने के कारण टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। फायर कर्मियों ने वुडन कटर मशीन की मदद से पेड़ की शाखाएं काटीं और रस्सियों के सहारे नियंत्रित तरीके से पेड़ को सड़क से हटाया। इसके बाद मार्ग को पूरी तरह साफ कर यातायात बहाल किया गया। फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई से संभावित दुर्घटना टल गई। स्थानीय लोगों ने भी टीम की तत्परता और साहसिक कार्य की सराहना की। राहत अभियान में एलएफएम किशन सिंह, एफएस डीवीआर मुकेश पथनी, एफएम प्रियांशु कुमार और डब्ल्यूएफएम आकांक्षा डसीला शामिल रहीं।

