
अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने सत्र 2026-27 के छात्रसंघ एवं महासंघ चुनावों के आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव प्रभारी, संबद्ध परिसरों के निदेशक, कुलानुशासक और अधिष्ठाता छात्र कल्याण शामिल रहे। बैठक में छात्रसंघ चुनाव के विभिन्न पदों पर छात्राओं का 50 फीसदी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के संबंध में शासन के निर्देशों के अनुपालन पर चर्चा की गई। इस पहल का स्वागत करते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश अंगीकार किए गए। चुनाव आयोजन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया। बैठक का संचालन कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव प्रभारी प्रो. जगत सिंह बिष्ट, अल्मोड़ा एवं चंपावत परिसर के निदेशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट, पिथौरागढ़ परिसर के निदेशक डॉ. हेम चंद्र पांडे, बागेश्वर परिसर के निदेशक डॉ. कमल किशोर जोशी, डॉ. मनोज कुमार बिष्ट, डॉ. डीके उपाध्याय, डॉ. भवान सिंह आदि उपस्थित रहे।

