
अल्मोड़ा। जनपद में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत महिला कोतवाली पुलिस ने छात्राओं को विभिन्न सुरक्षा विषयों पर जानकारी देकर जागरूक किया। यह कार्यक्रम एडम्स गर्ल्स हॉस्टल में आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं और स्टाफ ने भाग लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के के निर्देश पर जिलेभर में स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थानों में जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महिला कोतवाली प्रभारी जानकी भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को साइबर ठगी, मानव तस्करी और गौर शक्ति ऐप के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही महिला एवं बाल अपराध, यातायात नियम, डिजिटल ठगी से बचाव और नए कानूनों के बारे में भी बताया गया। पुलिस कर्मियों ने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए छात्राओं को डायल 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपदा हेल्पलाइन 1070 के उपयोग के बारे में अवगत कराया। कार्यक्रम में पुलिस टीम ने छात्राओं से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

