
पौड़ी(आरएनएस)। शहर के स्थानीय लोगों ने चारधाम यात्रा को शहर से जोड़ने की मांग उठाई है। सोमवार को शहरवासियों ने डीएम को ज्ञापन देकर इस ओर जल्द कदम उठाने की मांग की है।सोमवार को समाजसेवी नीलम जुयाल, लीला ढौंडियाल, नीमा नेगी, प्रीति नेगी आदि ने डीएम को ज्ञापन दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इन दिनों चारधाम यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे है। जिसके चलते यात्री ऋषिकेश, हरिद्वार जैसे बड़े शहरों में जाम में फंसकर परेशान है। साथ ही परिवहन व ठहरने के लिए होटल नहीं मिलने से भी परेशान हो रहे है। कहा कि पर्यटन नगरी पौड़ी चारधाम मार्ग के समीप होने के साथ ही ठंडे वातावरण व यात्रियों की सुविधाओं के लिए अनुकूल है। पौड़ी में सरकारी व अर्द्धसरकारी विश्राम गृह, होटल पर्याप्त मात्रा में है। चारधाम यात्रा को पौड़ी से जोड़ने पर यात्रियों को सुविधाएं मिलने के साथ ही यहां के लोकल व्यापारियों को भी फायदा मिलेगा। उन्होंने जिला प्रशासन से इस ओर जल्द सकारात्मक कदम उठाने की मांग की है।

