
चमोली(आरएनएस)। परिवहन विभाग की ओर से चारधाम यात्रा के लिए ग्रीन कार्ड बनाने का काम शुरू कर दिया है। विभाग की ओर से करीब 150 से अधिक वाहनों की जांच की गई। चालकों की सुविधा के लिए अलग काउंटर लगाया गया है जिससे वह आसानी से ग्रीन कार्ड बना सकें। चारधाम यात्रा के लिए सरकार की ओर से व्यावसायिक वाहनों के ग्रीन कार्ड अनिवार्य किया गया है। इसके तहत वाहनों की फिटनेस और जरूरी दस्तावेज आदि की जांच की जाती है। परिवहन विभाग के तकनीकी क्षेत्रीय निरीक्षक विकास कुमार का कहना है कि व्यावसायिक वाहनों की भौतिक और तकनीकी जांच की जा रही है। सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही ग्रीन कार्ड लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान वाहनों में फर्स्ट ऐड बॉक्स, कूड़ादान, अग्निशमन यंत्र आदि रखना अनिवार्य है। इस दौरान चालकों को सुरक्षित यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है। संभागीय परिवहन अधिकारी अभिषेक भट्गांई ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान वाहन चालक यात्रियों से बेहतर संवाद करें जिससे प्रदेश से एक अच्छा संदेश यात्रियों तक पहुंच सके।

