
विकासनगर। छावनी परिषद चकराता में आउटसोर्सिंग के माध्यम से काम कर रहे सफाई कर्मियों ने गुरुवार को हड़ताल समाप्त कर दी है। सफाई कर्मियों के काम पर लौटने से सफाई व्यवस्था भी पटरी पर आ गई है। छावनी परिषद में आउटसोर्सिंग के माध्यम से काम कर रहे 22 सफाई कर्मी बीते 16 नवंबर से हड़ताल पर चले गए थे, जिससे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पटरी से उतरी हुई थी। ठेकेदार और सफाई कर्मियों के बीच छावनी परिषद के अधिकारियों की मध्यस्ता के बाद आठ दिन से कार्य बहिष्कार कर रहे सफाई कर्मियों ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया। अपना वेतन बढ़ाने, काम के घंट तय करने, ठेकेदार के व्यक्ति को सुपरवाइजर नियुक्त करने सहित अन्य कई मांगों को लेकर कैंट बोर्ड चकराता में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्य कर रहे सफाई कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर हड़ताल शुरू की थी। कैंट अधिकारियों और ठेकेदार से कई दौर की वार्ता के बाद भी कर्मचारी काम पर नहीं लौट रहे थे। बुधवार शाम मुख्य अधिशासी अधिकारी आरएन मंडल के दिशानिर्देशन में कैंट अधिकारियों से वार्ता करने के बाद सफाई कर्मचारी गुरुवार सुबह से काम पर लौट आये। प्रभारी सेनेट्री इंस्पेक्टर शेखर धीमान ने बताया कि सफाई कर्मियों ने अपना एक सुपरवाइजर नियुक्त कर लिया है और उनके वेतन बढ़ोतरी समेत अन्य मांगों पर भी उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया गया है। जिसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर कार्य शुरू कर दिया है।

