
विकासनगर(आरएनएस)। छावनी क्षेत्र के एमईएस लाइन स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में शुक्रवार को 25 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट का उद्घाटन कैंट बोर्ड चकराता के अध्यक्ष ब्रिगेडियर धीरज थापा ने किया। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के उपयोग से ट्रंचिंग ग्राउंड के संचालन में मदद मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। ट्रंचिंग ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में बोर्ड अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर सोलर प्लांट का उद्घाटन किया। इस दौरान कैंट बोर्ड के कंप्यूटर प्रोग्रामर अमित साहू ने बोर्ड अध्यक्ष सहित मौजूद अधिकारियों को सोलर प्लांट की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और इससे होने वाले पर्यावरणीय लाभों की विस्तार से जानकारी दी।ब्रिगेडियर धीरज थापा ने कहा कि देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए सौर ऊर्जा जैसी हरित ऊर्जा को अपनाना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास प्रदूषण कम करने के साथ स्वच्छ और टिकाऊ भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा जैसे स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने 25 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट की स्थापना के लिए मुख्य अधिशासी अधिकारी रिपु दमन सिंह और उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए कार्य की सराहना की। कार्यक्रम में ईओ रिपु दमन सिंह, नामित सदस्य अनिल चांदना, लेखाकार कुलदीप, राजस्व अधीक्षक शेखर, आशीष चौहान सहित कैंट बोर्ड के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

