
ऋषिकेश(आरएनएस)। रोटरी क्लब ऋषिकेश दिवाज ने ‘ममता प्रोजेक्ट’ के अंतर्गत सेवा कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें महिलाओं को पोषहार, फल एवं बेबी किट वितरित किए गए। मंगलवार को दून मार्ग स्थित राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल के जन्मदिवस पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सालय में भर्ती माताओं एवं नवजात शिशुओं को पोषण आहार किट, फल एवं बेबी किट वितरित किए गए। रोटरी क्लब ऋषिकेश दिवाज की अध्यक्ष माधवी गुप्ता ने कहा कि मातृत्व और नवजात शिशु की देखभाल समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जरूरतमंद माताओं एवं शिशुओं तक आवश्यक सहयोग पहुंचाना रोटरी क्लब की सेवा भावना का हिस्सा है।कहा कि क्लब द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में आगे भी निरंतर सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस सेवा पहल का उद्देश्य माताओं एवं नवजात शिशुओं को पोषण संबंधी सहयोग प्रदान करने के साथ उनके स्वास्थ्य और देखभाल के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देना है। मौके पर क्लब सचिव रेनू गुप्ता, प्रेसिडेंट शुभांगी रैना, राखी सक्सेना, रुचि जैन, राजपाल ठाकुर, रूपेश गुप्ता, निवेदिता सरकार, सुधा असवाल, उषा मंडल, आरती गौड़ आदि उपस्थित रहे।
