
अल्मोड़ा। महिला कोतवाली और यातायात पुलिस ने बुधवार को केमू स्टेशन अल्मोड़ा में संयुक्त जागरूकता अभियान चलाकर बस चालकों, परिचालकों और यात्रियों को महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात नियमों तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक महिला कोतवाली जानकी भंडारी तथा प्रभारी निरीक्षक यातायात हयात सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने बस चालकों और यात्रियों से अपील की कि यदि कोई नाबालिग बालक या बालिका अकेले बस या टैक्सी में यात्रा करता दिखाई दे तो उससे आवश्यक पूछताछ करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध स्थिति होने पर तत्काल डायल-112 पर सूचना देने के साथ ही निकटतम थाना या पुलिस चौकी को भी अवगत कराएं। अभियान के दौरान महिला एवं बाल अपराध, साइबर ठगी, यातायात नियमों और नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही डायल-112, साइबर हेल्पलाइन-1930, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, महिला हेल्पलाइन-1090 और आपदा हेल्पलाइन-1070 सहित विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई। इस अवसर पर महिला पुलिस कर्मी तुलसी गोस्वामी, द्रौपदी सुयाल, कविता तथा यातायात पुलिस के अन्य जवान मौजूद रहे।

