
चम्पावत(आरएनएस)। एसएसबी राफ्टर का दल पंचेश्वर से बूम के लिए रवाना हुआ। बीते 16 मार्च को जौलजीबी से यात्रा शुरू हुई थी। इससे पूर्व पंचेश्वर पहुंचने पर दल का स्वागत किया गया। एसएसबी राफ्टर का दल बुधवार को पंचेश्वर से बूम के लिए रवाना हुआ। एसएसबी रानीखेत के तत्वावधान में व्हाइट वाटर रिवर राफ्टिंग अभियान का शुभारंभ बीते 16 मार्च को जौलजीबी से शुरू हुआ था। दल महाकाली नदी के जलमार्ग पर जौलजीबी से बूम तक लगभग 150 किमी की यात्रा तय करेगा। इस दौरान राफ्टरों का दल झूलाघाट, पंचेश्वर, ब्यूरी, कलढुंगा होते हुए बूम तक जाएगा। दल बीते मंगलवार शाम पंचेश्वर पहुंचा। रात्रि विश्राम के बाद बुधवार सुबह दल अगले पड़ाव के लिए रवाना हुआ। क्षेत्रक मुख्यालय अल्मोड़ा के डीआईजी सुधांशु नौटियाल के नेतृत्व में दल में चार महिला बल कर्मियों सहित कुल 36 जवान हिस्सा ले रहे हैं। यहां रानीखेत मुख्यालय के डीआईजी परीक्षित बेहरा, 55 वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट आशीष कुमार और पांचवी वाहिनी के कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

