
नई टिहरी(आरएनएस)। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में प्रभारी डीएम / सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान चंबा के बुरांसबाड़ी स्थित बीएमएम कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के पंजीकरण और शैक्षणिक अभिलेखों की जांच की मांग उठाई। छात्र-छात्राओं ने कहा कि उनके पंजीकरण और शैक्षणिक अभिलेखों की वैधता संदिग्ध होने के कारण उच्च शिक्षा संस्थान में प्रवेश, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आवेदन के साथ रोजगार संबंधी आवश्यक शैक्षणिक कार्यों से वह वंचित होने की स्थिति में है। सीडीओ ने प्रशिक्षु आईएएस ज्योति की अध्यक्षता में समिति गठित कर जांच रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध होने पर कार्रवाई का भरोसा दिया। वहीं, भागीरथी पुरम के ग्राम चवादंता के रविंद्र चौहान ने खेमडा-कुंडाली सड़क पर तालाब बनाएं जाने की शिकायत दर्ज करवाई। कहा कि एक व्यक्ति ने सड़क के बीच में तालाब बनाएं है जिससे उनके घर को खतरा हो गया है। सीडीओ ने लोनिवि के ईई को शीघ्र जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जाख के ग्रामीणों ने गांव की गौचर भूमि पर पर्यटन विभाग की ओर से बिना जांच-पड़ताल के पैराग्लाइडिंग गतिविधियों की अनुमति दिए जाने की शिकायत दर्ज की। सीडीओ ने सदर को एसडीएम को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने को कहा। बौराड़ी के सामुदायिक मिलन केंद्र के समीप कुछ लोगों ने नालियां बंद किए जाने और सड़क पर मलबा डाले जाने की स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने शिकायत दर्ज करवाई। सीडीओ ने शीघ्र अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा की गई। इस मौके पर सीएमओ डॉ़ श्याम विजय, एसडीएम कमलेश महेता, साक्षी शर्मा,दीपक कुमार, जन्मेजय रमोला, दिनेश चंद्र मिश्र आदि मौजूद रहे।
