
देहरादून(आरएनएस)। हल्द्वानी में मैदान का तथाकथित शुद्धिकरण करने के मामले और बयान देने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के यमुना कालोनी स्थित आवास कूच किया। पुलिस ने गेट यमुना कालोनी के गेट पर बैरीकेडिंग लगाकर कांग्रेसियों को रोक लिया। पुलिस ने उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल समेत समेत कई कांग्रेसियों को गिरफ्तार किया। बाद में निजी मुचलके पर उन्हें रिहा कर दिया।
शनिवार को महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून एवं उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग ने भाजपा के खिलाफ रैली निकालकर यमुना कालोनी के गेट पर विरोध दर्ज कराया। पुलिस के बैरीकेडिंग लगाने पर महानगरअध्यक्ष डॉ. जसविंदर पाल सिंह (गोगी),विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल, कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष अभिनव थापर बैरीकेडिंग पर चढ़ गए। उन्होंने भाजपा सरकार और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ नारेबाजी की। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर पाल सिंह (गोगी) ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा दलित समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली बयानबाजी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, सम्मान और अधिकार दिए हैं, लेकिन भाजपा की नीतियां और उसके नेताओं के बयान लगातार सामाजिक सौहार्द को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। डॉ. गोगी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष करती आई है।
उत्तराखंड कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल ने कहा कि दलित समाज अब अपने अधिकारों और सम्मान के प्रति पूरी तरह जागरूक है। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ किसी भी प्रकार की टिप्पणी को कांग्रेस पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रदेश प्रवक्ता अभिनव थापर ने कहा 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद भाजपा से जुड़े लोगों द्वारा किए गए कथित शुद्धिकरण के कृत्य पर अभी तक केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इस मौके पर मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष महिला कांग्रेस ज्योति रौतेला , प्रदेश उपाध्यक्ष सीपी सिंह,प्रदेश महासचिव याकूब सिद्दीकी, प्रदेश अध्यक्ष गोरखा विभाग अनिल बस्नेत, नीरज त्यागी , महेंद्र नेगी गुरु, संजय गौतम, पूनम, अशोक कुमार, नितेश राजोरिया,रोबिन त्यागी, सुनील जयसवाल, अनूप सक्सेना आदि मौजूद थे।

