
हरिद्वार(आरएनएस)। उत्तरी हरिद्वार में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतका के पिता का आरोप है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना और धमकियों से परेशान होकर उनकी पुत्री ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक बिजनौर के नगीना निवासी आलोक जैन ने बताया कि उनकी पुत्री पूजा गुप्ता का विवाह वर्ष 2011 में भूपतवाला निवासी शदर गुप्ता के साथ हुआ था। आरोप लगाया है कि अजय गोस्वामी निवासी गांधी चौक शिवनगर, भूपतवाला हरिद्वार और काजल निवासी गली नंबर-4, न्यू भारत माता पुरम भूपतवाला हरिद्वार ने उनकी पुत्री को कमेटी डालने के लिए प्रेरित किया।
आरोप है कि इस दौरान करीब 15 लाख रुपये मूल्य के स्वर्ण आभूषण अपने पास रख लिए गए और ज्योति उपाध्याय, भटूरे, मीनाक्षी उपाध्याय समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर कमेटी के नाम पर लगभग 30 लाख रुपये हड़प लिए गए। आरोप है कि जब पूजा गुप्ता ने अपनी धनराशि और आभूषण वापस मांगे तो आरोपियों ने उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि 19 मई को उनकी पुत्री को अजय गोस्वामी के घर बुलाकर मारपीट की गई। 21 मई को भी उनकी पुत्री को लगातार प्रताड़ित किया गया और धमकियां दी गईं। इसके बाद पुत्री ने अपनी पीड़ा मोबाइल में रिकॉर्ड कर जहरीला पदार्थ खा लिया और 22 मई को उसकी मृत्यु हो गई। इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
