
रुड़की(आरएनएस)। आईआईटी कर्मी से बीमा कराने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस धोखाधड़ी करने वाले के नाम और पते का सत्यापन कर रही है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित सरस्वती कुंज, आईआईटी रुड़की परिसर निवासी कौशिक पाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि करीब तीन साल पूर्व उनकी मुलाकात ओमप्रकाश त्यागी निवासी रुड़की से हुई थी। जिसने खुद को बीमा एवं पॉलिसी का एजेंट बताया था। उन्होंने बताया कि उक्त व्यक्ति ने एक पॉलिसी की थी, जिसमें वह हर महीने 25 हजार रुपये जमा करते रहे। करीब तीन साल तक उन्होंने बीमा पॉलिसी की किश्त के नाम पर दस लाख 80 हजार की रकम जमा की। आरोप लगाया कि तीन साल पूरा होने के बाद उक्त व्यक्ति से पॉलिसी की रकम दिलाने की बात कही तो वह बहानेबाजी करने लगा। बीमा और पॉलिसी की रकम लेने के लिए एक माह और इंतजार करना पड़ेगा। इसके बाद उन्हें बीमा की राशि अधिक बढ़कर मिलेगी। उसके झांसे में आकर उन्होंने एक माह का और इंतजार किया, लेकिन इसके बाद भी उसने रकम वापस नहीं की। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर उक्त व्यक्ति धमकी देने लगा। साथ ही, अपना मोबाइल भी बंद कर लिया। उन्होंने ओमप्रकाश त्यागी से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर ओमप्रकाश त्यागी निवासी रुड़की के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
